क्राइम

नवादा पुलिस ने पीछा कर फिल्मी स्टाइल में 3 लुटेरों को धर दबोचा, मोबाइल, लैपटॉप सहित कई सामान बरामद

रंजन सिन्हा/न्यूज11  भारत

नवादा/डेस्क: लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन लुटेरों को नवादा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उनके पास से लूटे गए लैपटॉप, मोबाइल, और अन्य सामान बरामद किए गए हैं. पकरीबरावां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने पकरीबरावां थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 6 लोग जो 2  बाइक पे सवार थे पकरीबरावां थाना क्षेत्र के देवीबीघा गांव के निवासी मनोज कुमार से मारपीट की और मोबाइल छीन कर वारिसलीगंज की ओर भाग गए थे. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्यवाही करते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया.

पुलिस ने लुटेरों का पीछा किया और वारिसलीगंज के पटेल चौक के पास स्थानीय लोगों की मदद से काशीचक थाना क्षेत्र के भौआर गांव निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से लूटी गई मोबाइल, लैपटॉप, फिंगर प्रिंट डिवाइस, नकद राशि, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई.

गिरफ्तार दीपक कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसके छह साथियों ने कसार थाना क्षेत्र के सुमका में भी लूट की वारदात को अंजाम दिया था. वहां उन्होंने एक युवक से लैपटॉप और अन्य सामान लूटे थे, जबकि एक रिक्शा चालक से नकद राशि छीनी थी. उसकी निशानदेही पर कसार थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी संदीप उर्फ गब्बर और बाय बिगहा निवासी नौलेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया.

एसडीपीओ ने बताया कि तीनों गिरफ्तार आरोपियों ने लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. इस संबंध में महेश कुमार ने पकरीबरावां थाना में, जबकि सुमका के जितेंद्र कुमार और ई–रिक्शा चालक ने कसार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

छापेमारी दल में एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर के साथ पकरीबरावां थाना प्रभारी रंजन चौधरी, वारिसलीगंज थानाप्रभारी पंकज कुमार सैनी, कसार थाना प्रभारी संतोष कुमार और पकरीबरावां थाना के एसआई सौरभ कुमार शामिल थे.

यह भी पढ़ें: चैनपुर के परमवीर अल्बर्ट एक्का कॉलेज में एनएसएस ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन