बिहार

नवादा: नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी पर किया जानलेवा हमला, मां की मौत

रंजन सिन्हा/न्यूज़11 भारत बिहार/डेस्क: नवादा से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां नगर थाना क्षेत्र के राजेन्द्र नगर में नकाबपोश अपराधियों ने घर में घुसकर मां-बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला किया जिसमें मां की मौत हो गई, और बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गई.

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को प्रजातंत्र चौक के समीप रखकर सड़क को जाम कर दिया. हत्या और सड़क जाम की सूचना पर सदर एसडीपीओ हुलास कुमार एवं नगर थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार दलबल के साथ प्रजातंत्र चौक पर पहुंचे, जहां आक्रोशित परिजनों को समझा बूझाकर सड़क जाम को हटाया गया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया हैं. मृतक की पहचान राजेंद्र नगर निवासी स्व रामवृक्ष पासवान की 65 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी के रूप में की गई जबकि जख्मी बेटी का नाम प्राजंलि कुमारी हैं. 

बताया जाता है कि शनिवार की शाम नकाबपोश चार की संख्या में रहे अपराधी अचानक घर में घुस गए और तेज धारदार हथियार से मां-बेटी पर हमला कर फरार हो गए. घटना के वक्त मां-बेटी के साथ उसकी बहू और एक बच्चे मौजूद थे, जो कमरे में बंद होकर किसी प्रकार अपनी जान बचाई. दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. पटना में इलाज के क्रम में देर रात्रि मां की मौत हो गई जबकि बेटी जिंदगी और मौत के बीच कड़ा संघर्ष कर रही है. फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है. वहीं पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि चार की संख्या में रहे नकाबपोश अपराधियों ने मां बेटी पर चाकू से हमला किया है, जिसमें मां की मौत हुई है. अनुसंधान किया जा रहा है जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

यह भी पढ़े: एनएच-27 पर भीषण हादसा: ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, तीन की मौत