नवीन अरोड़ा हत्याकांड का मुख्य आरोपी बादल एनकाउंटर में ढेर
यह एनकाउंटर माहमू जोईया टोल प्लाजा के पास हुआ
नवीन अरोड़ा हत्याकांड का मुख्य आरोपी मार गिराया
आरोपी बादल के फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है
पंजाब डेस्क
फ़िरोज़पुर में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए RSS नेता के पोते नवीन अरोड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी बादल को मार गिराया है। यह एनकाउंटर माहमू जोईया टोल प्लाजा के पास हुआ। इस दौरान आरोपी के साथियों की ओर से की गई गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। घायल पुलिस जवान को फाजिल्का के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी है और बादल के फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है।
अचानक फायरिंग पर जवाबी कार्रवाई
फ़िरोज़पुर पुलिस की टीम आरोपी बादल को हथियारों की बरामदगी के लिए फाजिल्का जिले के माहमूजोइयां इलाके में लेकर आई थी। इसी दौरान, वहां पहले से घात लगाकर बैठे बादल के कुछ साथियों ने अचानक फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी, जिसमें बादल मारा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी फ़िरोज़पुर रेंज हरमनबीर सिंह गिल और एसएसपी फ़िरोज़पुर भूपिंदर सिंह सिद्धू तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
आरएसएस नेता के पोते की हुई थी हत्या
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले फ़िरोज़पुर के मोची बाजार में RSS नेता के पोते नवीन अरोड़ा की कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फ़िरोज़पुर पुलिस ने पहले भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा, इस हत्याकांड के मुख्य सरगना जतिन काली को भी पुलिस ने मुठभेड़ में घायल किया था, जब उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की थी। पुलिस की इस कार्रवाई को नवीन अरोड़ा हत्याकांड में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।