टोस्ट के पैकेट में मिली मरी हुई छिपकली, मां-बेटी ने खाए थे 7-8 बिस्किट; अस्पताल पहुंचीं
मुरैना जिले के अंबाह में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खजूरी रोड गली नंबर-3 में रहने वाली मां-बेटी ने मंगलवार शाम चाय के साथ पैक्ड टोस्ट खाए। इसी दौरान टोस्ट के पैकेट के अंदर से मरी हुई छिपकली निकल आई। यह देखकर दोनों घबरा गईं और एहतियात के तौर पर तुरंत अस्पताल पहुंच गईं।
ससुर के निधन के कारण घर में नहीं बना था खाना
जानकारी के अनुसार खजूरी रोड निवासी रंजना भदौरिया के ससुर का निधन हो गया था। इस वजह से घर में खाना नहीं बना था। उनकी 13 वर्षीय बेटी अदिति पास की दुकान से टोस्ट का पैकेट लेकर आई। इसके बाद मां-बेटी ने चाय के साथ टोस्ट खाना शुरू किया।
7 से 8 टोस्ट खाने के बाद निकली छिपकली
रंजना और अदिति ने पैकेट से करीब सात से आठ टोस्ट खा लिए थे। इसी बीच उनकी नजर पैकेट के अंदर पड़ी मरी हुई छिपकली पर गई। छिपकली देखते ही दोनों डर गईं और उन्हें आशंका हुई कि कहीं दूषित टोस्ट खाने से उनकी तबीयत खराब न हो जाए।
डर के कारण तुरंत पहुंचीं अस्पताल
मां-बेटी को डर था कि मरी हुई छिपकली का जहर टोस्ट के जरिए उनके शरीर में पहुंच गया होगा। छिपकली देखकर उनका जी भी मचलने लगा। किसी बड़ी परेशानी की आशंका के चलते दोनों तुरंत अंबाह अस्पताल पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा।
डॉक्टरों ने जांच कर दी दवाइयां
अस्पताल में डॉक्टरों ने मां-बेटी की जांच की और उनकी स्थिति पर नजर रखी। जांच के बाद उन्हें जरूरी दवाइयां दी गईं। फिलहाल दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
दुकानदार ने पैक्ड सामान आने की कही बात
मामले को लेकर दुकानदार से जानकारी ली गई तो उसने बताया कि वह केवल पैकिंग में आया हुआ सामान ही बेचता है। वहीं टोस्ट के डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क करने पर उसने अगले दिन आने की बात कही। अब मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।