फ्लाइट में घंटों फंसे मोहम्मद सिराज, एयरलाइन पर जमकर फूटा गुस्सा, सोशल मीडिया पर सुनाई आपबीती
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज बुधवार की रात अपनी जिंदगी के सबसे परेशान करने वाले सफरों में से एक से गुजरे. गुवाहाटी से हैदराबाद के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट IX 2884 शाम 7:25 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन बिना किसी स्पष्ट वजह के यह उड़ान घंटों तक लटकी रही.
सिराज और बाकी यात्री लगातार एयरलाइन से जानकारी मांगते रहे, लेकिन उन्हें एक भी ठोस जवाब नहीं मिला. थककर चूर और निराश सिराज ने आखिरकार अपनी नाराजगी सोशल मीडिया पर जाहिर कर दी. सिराज ने X पर लिखा- “फ्लाइट 7:25 बजे उड़नी थी, पर एयरलाइन की ओर से कोई अपडेट ही नहीं दिया गया. बार-बार पूछने पर भी कोई कारण नहीं बताया गया. 4 घंटे से ज्यादा हो गए, हम सभी फंसे है. यह अब तक का मेरा सबसे खराब अनुभव है. अगर एयरलाइन सुधार नहीं करती तो मैं किसी को भी इसके साथ उड़ान भरने की सलाह नहीं दूंगा."
पोस्ट वायरल होते ही एयर इंडिया एक्सप्रेस हरकत में आई और सार्वजनिक माफी जारी की. एयरलाइन ने कहा कि “अप्रत्याशित परिचालन कारणों” की वजह से फ्लाइट को कैंसिल करना पड़ा और एयरपोर्ट स्टाफ यात्रियों की मदद कर रहा है. उन्होंने सिराज और यात्रियों के धैर्य की सराहना भी की. सिराज इस वक्त गुवाहाटी से अपने घर लौट रहे थे, जहां भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 408 रनों से करारी हार मिली थी. इस हार के साथ भारत 0-2 से सीरीज गंवा बैठा जो गौतम गंभीर की कोचिंग में घरेलू मैदान पर भारत की दूसरी टेस्ट व्हाइटवॉश हैं. पिछले साल न्यूज़ीलैंड ने भारत को 3-0 से हराया था और गुवाहाटी की हार भारतीय टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी रन अंतर की हार रही. अब टीम इंडिया 30 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी.
यह भी पढ़े: JAC ने 10th–12th परीक्षा 2026 का पूरा शेड्यूल किया जारी, यहां देखें पूरी लिस्ट