मध्य प्रदेश के विकास और उनकी पत्नी सोनम की उत्तर प

मिर्जापुर हादसा: खड़े ट्रक से टकराई कार, कटनी के मीडियाकर्मी दंपती की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के एक मीडियाकर्मी विकास और उनकी पत्नी सोनम की उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। परिवार काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर मध्य प्रदेश लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।जानकारी के अनुसार, ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत हनुमना जाने वाले हाईवे पर रात करीब 2 बजे यह दुर्घटना हुई। यात्रियों से भरी अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में तेज रफ्तार से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल

स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से कार को काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। हादसे में विकास और उनकी पत्नी सोनम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि दंपती के दो छोटे बच्चे शिवांश (4 वर्ष) और रुद्र (डेढ़ वर्ष)—पूरी तरह सुरक्षित बच गए। उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई, जिसे परिजन और राहत दल चमत्कार मान रहे हैं।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया

बताया जा रहा है कि कार किराए पर ली गई थी और उसे ड्राइवर चला रहा था। हादसे के समय चालक सहित कुल छह लोग वाहन में सवार थे। घायलों में ड्राइवर हीरालाल, हिमांशु ताम्रकार, सक्षम ताम्रकार और राधा शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

परिजनों के अनुसार, सभी लोग वाराणसी से दर्शन कर रात में ही वापस लौट रहे थे। रास्ते में कुछ देर आराम करने के बाद यात्रा फिर शुरू की गई थी, लेकिन थोड़ी ही देर बाद यह भीषण हादसा हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है।