मैहर: Birthday पार्टी से लौट रहे 6 दोस्तों की XUV ट्रक में घुसी, 5 की दर्दनाक मौत; शव निकालने के लिए काटनी पड़ी गाड़ी
मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नेशनल हाईवे-30 पर नादन देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार एक्सयूवी (XUV) आगे चल रहे ट्रक से पीछे जा टकराई।
इतनी जबरदस्त टक्कर कि गाड़ी के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्सयूवी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन में सवार सभी छह युवक उसके अंदर बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
वाहन काटकर निकाले गए शव
सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग और नादन देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कटर मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर युवकों को बाहर निकाला। इनमें से पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल मिला।
घायल को जबलपुर रेफर किया गया
गंभीर रूप से घायल युवक को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया। हालत अधिक गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया।
जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे सभी दोस्त
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी युवक एक जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका है कि तेज रफ्तार और ट्रक से पीछे की टक्कर दुर्घटना की मुख्य वजह हो सकती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और हादसे की अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।