टीकमगढ़ में राशन दुकान के गेहूं के बोरे से निकली हड्डियां, हितग्राहियों में मचा हड़कंप
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से सरकारी राशन व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक उचित मूल्य की दुकान पर गेहूं की बोरी खोलने के दौरान उसमें कथित तौर पर जानवर की हड्डियां मिलने से सनसनी फैल गई। राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों ने डर के कारण गेहूं लेने से इनकार कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग सक्रिय हुआ और पूरे राशन स्टॉक को सील कर जांच शुरू कर दी गई।
राशन वितरण की व्यवस्था की गई
मामला जिले के बुड़ेरा क्षेत्र की नन्ही टेहरी स्थित उचित मूल्य की दुकान का है। सोमवार को ग्राम लक्ष्मणपुरा के लोग राशन लेने पहुंचे थे। दरअसल, लक्ष्मणपुरा की राशन दुकान बंद होने के कारण वहां के हितग्राहियों को नन्ही टेहरी की दुकान से राशन वितरण की व्यवस्था की गई थी।
अनाज खाना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है
राशन लेने पहुंचे कोमल लोधी और परम लोधी के सामने जैसे ही गेहूं की बोरी खोली गई, उसमें कुछ हड्डियां दिखाई दीं। बोरी को पूरी तरह खाली करने पर उसमें सिर और पैर की हड्डियां मिलीं। इसे देखकर हितग्राही घबरा गए और उन्होंने राशन लेने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि ऐसा अनाज खाना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है।
पूरे गेहूं को सील कर दिया
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दुकान में मौजूद पूरे गेहूं को सील कर दिया और वितरण रोक दिया। अधिकारियों का कहना है कि खराब राशन को वापस भेजकर हितग्राहियों के लिए नया गेहूं उपलब्ध कराया जाएगा।
18 हजार क्विंटल खराब चावल भी विवादों में रहा
यह पहली बार नहीं है जब टीकमगढ़ में खराब राशन को लेकर सवाल उठे हैं। इससे पहले दमोह से भेजा गया खराब गेहूं वापस किया गया था। वहीं, करीब दो साल पहले जबलपुर और रीवा से आया 18 हजार क्विंटल खराब चावल भी विवादों में रहा था।
जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी
टीकमगढ़ के खाद्य निरीक्षक सार्थक तिवारी ने बताया कि नन्ही टेहरी राशन दुकान के पूरे स्टॉक को सील कर दिया गया है। अब जांच की जा रही है कि यह गेहूं किस गोदाम से भेजा गया था। प्रारंभिक जानकारी में हड्डियां भेड़ के सिर और पैर की बताई जा रही हैं। जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।