MP के आसमान में आज से 4 नई उड़ानें, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे शुभारंभ
मध्यप्रदेश के हवाई नेटवर्क में रविवार से चार नए सीधे हवाई मार्ग जुड़ जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 अगस्त को राजा भोज एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में इन सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। नई उड़ानों में भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता रूट शामिल हैं। मुख्यमंत्री भोपाल से रीवा जाने वाली पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे।
अलायन्स एयर करेगी उड़ानों का संचालन
चारों नई हवाई सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर करेगी। राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत इन रूट्स को वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है। प्रत्येक राउंड ट्रिप पर सरकार की ओर से 10 लाख रुपए तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग यानी VGF दी जाएगी। इससे नए रूट्स के संचालन को बढ़ावा मिलेगा।
भोपाल से रीवा और पटना की सीधी कनेक्टिविटी
भोपाल-रीवा उड़ान शुरू होने से राजधानी और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधा हवाई संपर्क मजबूत होगा। वहीं भोपाल-पटना सेवा से मध्यप्रदेश सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ जाएगा। इससे यात्रियों, व्यापारियों और कारोबारियों को फायदा मिलेगा। मध्यप्रदेश में रहने वाली बिहार की बड़ी आबादी के लिए भी यह कनेक्टिविटी सुविधाजनक साबित होगी।
रीवा-जबलपुर से कोलकाता का सफर आसान
रीवा और जबलपुर से कोलकाता की सीधी उड़ान शुरू होने से विंध्य और महाकौशल क्षेत्र का पूर्वी भारत से हवाई संपर्क मजबूत होगा। यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट लेने की जरूरत कम होगी और यात्रा के समय में भी बचत होगी।
अब तक 8 नए हवाई रूट स्वीकृत
मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में अब तक 8 नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए गए हैं। इनमें रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी पर सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। अब चार नए रूट पर उड़ान संचालन शुरू होगा।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
सरकार के मुताबिक बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। शहरों के बीच सीधी उड़ान से लोगों का समय बचेगा और आवागमन आसान होगा। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हवाई यात्रा उपलब्ध कराना है।
केंद्रीय मंत्री समेत कई अतिथि रहेंगे मौजूद
शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और अतिथि मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और अलायन्स एयर के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।