मध्य प्रदेश में मानसून की प्रगति धीमी है, कुछ जिलो

MP Weather Update: 40 जिलों में अब भी मानसून का इंतजार, जून में 38% कम बारिश

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार अब भी धीमी बनी हुई है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का इंतजार जारी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार को उज्जैन, देवास, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे अधिक वर्षा होने की संभावना है। वहीं भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

हल्की बूंदाबांदी की संभावना

मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, शाजापुर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सागर, पन्ना, दमोह और कई अन्य जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, मंदसौर, नीमच और निवाड़ी में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

10 प्रतिशत कम बारिश हुई

प्रदेश में मानसून ने 24 जून को दस्तक दी थी, लेकिन अब तक केवल 15 जिलों तक ही इसकी पहुंच हो सकी है। बाकी 40 जिलों में मानसून की आधिकारिक एंट्री अभी नहीं हुई है। यही वजह है कि जून में अब तक सामान्य से 38 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 116.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि केवल 71.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 67 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना

बारिश की कमी के बावजूद कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई है। उज्जैन में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री, इंदौर में 33.8 डिग्री, भोपाल में 34.6 डिग्री और ग्वालियर में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान नौगांव में 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि खंडवा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी है और इसके तेजी से आगे बढ़ने के स्पष्ट संकेत नहीं हैं। हालांकि अगले कुछ दिनों में कई जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।