बिहार

विधायक बनने निकले नेताजी, पीछे से घर में चोरों ने लूटा लाखों का खजाना

न्यूज़11 भारत बिहार/डेस्क: राजनीति की राह पर कदम बढ़ा रहे नेताजी के घर चोरों ने उस वक्त धावा बोल दिया, जब वे चुनावी टिकट लेने पटना गए हुए थे. यह मामला बांका नगर के मल्लिकटोला का है, जहां बीती रात चोरों ने राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष परवेज अहमद के घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की. 

बता दें कि, परवेज अहमद इन दिनों अपने परिवार के साथ पटना में है, जहां वे राजद से विधानसभा टिकट की उम्मीद में पार्टी नेताओं से मुलाकात कर रहे थे. इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर उनके घर की रसोई की खिड़की काटी और अंदर घुस गए. घर के भीतर पहुंचते ही चोरों ने एक-एक कर छह कमरों के दरवाजे और ताले तोड़ दिए. जिसके बाद अलमारी, गोदरेज और बक्सों की तलाशी कर नकदी व गहने उड़ा ले गए. अनुमान है कि करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई हैं. यहां तक की घर के चौखट तक को तोड़ डाला. 

सुबह जब मोहल्ले के लोगों ने घर का ताला टूटा देखा, तो तुरंत परवेज अहमद को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही वे पटना से बांका रवाना हुए और शाम को घर पहुंचकर स्थिति देख दंग रह गए. उन्होंने बताया कि चोरी गए सामान का पूरा आकलन उनकी पत्नी के आने के बाद ही किया जा सकेगा.

परवेज अहमद ने बताया कि वे इस घटना के संबंध में स्थानीय थाना में आवेदन देंगे. वहीं पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और चोरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत हैं. लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

यह भी पढ़े:  रांची में बिरयानी विवाद ने ली जान! चौपाटी रेस्टोरेंट के संचालक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत