देश-विदेश

फ्यूल लीक के चलते कोलकाता-श्रीनगर Indigo फ्लाइट की वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: कोलकाता से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6961 में तकनीकी खराबी आने के कारण विमान को वाराणसी एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करानी पड़ी. फ्लाइट के दौरान विमान में फ्यूल लीक होने लगा, जिसकी जानकारी क्रू मेंबर्स ने तुरंत पायलट को दी. इसके बाद पायलट ने वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी और शाम 4:10 बजे विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया. विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित विमान में कुल 166 लोग सवार थे, जिनमें यात्री और क्रू मेंबर शामिल थे. सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट के एराइवल एरिया में पहुंचा दिया गया है. एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित एजेंसियों द्वारा घटना की जांच शुरू कर दी गई है. वाराणसी पुलिस ने बताया कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और एयरपोर्ट पर सामान्य संचालन बहाल कर दिया गया है. यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट से भेजा जाएगा श्रीनगर इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर बताया है कि सभी यात्रियों को श्रीनगर पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है. तकनीकी टीम विमान की विस्तृत जांच में जुटी हुई है. पिछले महीने भी इंडिगो फ्लाइट में आई थी तकनीकी खराबी गौरतलब है कि इससे पहले पिछले महीने भी इंडिगो की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी आई थी. लखनऊ से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E-2111 टेकऑफ से ठीक पहले रुक गई थी. विमान रनवे पर तेज रफ्तार में दौड़ने के बावजूद उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते उसे टेकऑफ से पहले ही रोक दिया गया. उस फ्लाइट में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव समेत 151 यात्री सवार थे. इस घटना के बाद भी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई थी. ये भी पढ़ें- उज्जैन महाकाल मंदिर के गर्भगृह में संत और मंदिर के पुजारी आपस में भिड़े, ड्रेस कोड को लेकर हुआ विवाद