भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा प्रादेशिक सेना में बनाये गये लेफ्टिनेंट कर्नल, रक्षा मंत्री ने किया सम्मानित
न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: स्टार भाला फेंक खिलाड़ी और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद से सम्मानित किया गया है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को साउथ ब्लॉक, नई दिल्ली में आयोजित पिपिंग समारोह में नीरज चोपड़ा को सम्मानित किया. लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा के साथ उनके परिवार के सदस्य इस अवसर पर मौजूद थे. रक्षा मंत्री ने नीरज चोपड़ा को सम्मानित करते हुए दृढ़ता, देशभक्ति और उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने की भारतीय भावना का आदर्श उदाहरण बताया.
राजनाथ सिंह ने कहा, “लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव के सर्वोच्च आदर्शों के प्रतीक हैं और वे खेल जगत और सशस्त्र बलों- दोनों के लिए- आने वाली पीढ़ियों के प्रेरणास्रोत हैं.” इस अवसर पर थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी तथा सेना और प्रादेशिक सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
बता दें कि 2016 में सेना में भर्ती हुए लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा ने सेना की राजपूताना राइफल्स में सेवा की है. 24 दिसंबर 1997 को हरियाणा के पानीपत जिले के खंडरा गांव में जन्मे नीरज चोपड़ा ने अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से राष्ट्र और सशस्त्र बलों का गौरव बढ़ाया है.
नीरज चोपड़ा की उपलब्धियां
स्टार भाला फेंक खिलाड़ी ने 2020 के टोक्यो ओलंपिक में ट्रैक एंड फील्ड में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रच दिया. उन्होंने 2024 के पेरिस ओलंपिक में रजत पदक और 2023 की विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा. इसके अलावा, उन्होंने एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और डायमंड लीग स्पर्धाओं में भी कई स्वर्ण पदक जीते हैं. उनका 90.23 मीटर (2025) का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो भारतीय खेल इतिहास में एक बहुत बड़ी उपलब्धि के रूप में दर्ज है.
यह भी पढ़ें: पलामू एसपी ने आम व खास के बीच पुल का काम किया है - अविनाश वर्मा