जालंधर कैंट में फर्जी विजिलेंस इंस्पेक्टर गिरफ्तार, चेकिंग स्टाफ पर जमा रहा था धौंस, ऐसे खुली पोल
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे विभाग ने खुद को रेलवे विजिलेंस इंस्पेक्टर बताकर घूम रहे एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। वह चेकिंग स्टाफ पर अपनी धौंस जमा रहा था, लेकिन उसकी अजीब हरकतों से वहां मौजूद स्टाफ को शक हो गया। जिससे स्टाफ ने बिना देरी किए इसकी सूचना अधिकारियों को दी और ID मांगने पर उसकी पोल खुल गई।
सिंघम बनकर घूम रहा था जालसाज
जांच में सामने आया कि वह पिछले 6 महीने से 'सिंघम' बनकर घूम रहा था और VIP ट्रीटमेंट और फ्री में AC कोच में सफर करता था। आरोपी की पहचान जावेद अली के रूप में हुई। इससे पहले भी वह UP में भी पकड़ा गया था, जहां उसे कुछ दिन जेल में भी बिताने पड़े। बाहर आते ही उसने फिर से वही काम शुरू कर दिया था। लेकिन जालंधर से लुधियाना जाते वक्त पकड़ा गया।
VIP ट्रीटमेंट लेने का आदी
दरअसल, आरोपी जावेद अली फिल्मी स्टाइल में रौब झाड़ने और रेलवे स्टेशनों पर VIP ट्रीटमेंट लेने का आदी था। वह खुद चेकिंग स्टाफ को साथ लेकर ट्रेनों में और जालंधर, फगवाड़ा, कपूरथला और लुधियाना के बुकिंग काउंटरों पर चेकिंग करने पहुंच जाता था। फिरोजपुर मंडल में वह पिछले 6 महीने से बिना किसी डर के इस तरह के फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहा था।