जयपुर में क्लासमेट ने वीडियो के जरिए छात्र को किया ब्लैकमेल
Jaipur Student Blackmailed By Classmate: जयपुर में एक 10वीं कक्षा के नाबालिग छात्र को उसके ही क्लासमेट ने सिगरेट पीते हुए वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और करीब 8 लाख रुपये के गहने चोरी करवाकर अपने पास रख लिए। डर के मारे छात्र ने घर से गहने और नकदी चोरी कर आरोपी को सौंप दिए।
घटना कैसे हुई?
जनवरी 2026 में आरोपी क्लासमेट ने 16 वर्षीय छात्र का सिगरेट पीते हुए मोबाइल वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को माता-पिता को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। छात्र को जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।डर के कारण नाबालिग छात्र घर से सोने-चांदी के गहने और कैश चोरी कर आरोपी को देने लगा।
ब्लैकमेल कर मांगे पैसे
आरोपी ने ब्लैकमेलिंग के जरिए छात्र से चोरी करवाए। 7 सोने की अंगूठियां, 3 जोड़ी झुमके, 2 पेंडेंट, 1 कंठी सेट, चांदी का कड़ा, अन्य गहने कुल मिलाकर इन गहनों की कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
दूसरे दोस्त ने भी शुरू किया ब्लैकमेल
गहने हथियाने के बाद आरोपी क्लासमेट ने अपने एक अन्य दोस्त से पीड़ित छात्र का परिचय कराया। इसके बाद दोनों दोस्त मिलकर उसे ब्लैकमेल करने लगे। नए आरोपी ने भी माता-पिता को मारने की धमकी दी और मामा के घर से गहने लाने को कहा।
परिवार को पता कैसे चला?
लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकियों के कारण छात्र मानसिक तनाव में रहने लगा और गुमसुम हो गया। परिवारवालों ने जब उससे कारण पूछा तो उसने सारी आपबीती सुना दी।स्कूल प्रबंधन के सामने आरोपी छात्र के परिजनों को बुलाया गया, जहां पीड़ित छात्र ने क्लासमेट द्वारा ब्लैकमेलिंग और गहने चोरी करवाने की पूरी बात बताई।
पुलिस कार्रवाई
पीड़ित छात्र की मां ने आरोपी क्लासमेट और उसके दोस्त के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ब्लैकमेलिंग, चोरी और धमकी के मामले में जांच कर रही है। दोनों आरोपी नाबालिग होने के कारण मामले को Juvenile Justice Act के तहत देखा जा रहा है।