Ranchi में लगेगा तीन दिवसीय दिवाली मेला
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: राजधानी रांची के डोरंडा स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस-1 मैदान में 16 से 18 अक्टूबर तक तीन दिवसीय दिवाली मेला का आयोजन किया जा रहा है. इस आयोजन की पहल आईपीएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (IPSWA) ने की है. संगठन ने बताया कि 7 साल बाद इस मेले का आयोजन किया जा रहा है, और यह 25वां वर्ष है जब IPSWA दिवाली मेले का आयोजन कर रहा है.
मेले का समय सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन संयुक्त रूप से करेंगे. मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे जिनमें दिवाली सजावटी सामान, फैशन स्टॉल, स्थानीय संस्कृति और खानपान को बढ़ावा देने वाले फूड स्टॉल, तथा लाइव मिट्टी के बर्तन और हस्तशिल्प उत्पाद प्रमुख आकर्षण होंगे.
सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा आधुनिक और ग्रामीण संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी. इसके अलावा पुलिस आधुनिकीकरण स्टॉल, बच्चों के लिए गेम ज़ोन, छात्रों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता, कठपुतली शो, जादू शो, और संगीतमय संध्याओं का भी आयोजन किया जाएगा. विशेष रूप से, खूंटी की 100 महिलाएं समारोह के पारंपरिक उद्घाटन में सहयोग करेंगी. मेले की तैयारियां पिछले एक महीने से जारी हैं. IPSWA की अध्यक्ष ने कहा कि“झारखंड हमारा राज्य है और हम चाहते हैं कि हर कोई हमारी संस्कृति से अवगत हो. यह मेला उसी दिशा में एक पहल है. प्रवेश टिकट की कीमत 30 रुपये रखी गई है, जबकि 7 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा. मेले में तीरंदाजी, एयरो मॉडलिंग, और सोहारी पेंटिंग जैसे पारंपरिक और आधुनिक प्रदर्शन भी लोगों को आकर्षित करेंगे.
ये भी पढ़ें- Ranchi: नामकुम के सदाबहार चौक में डीटीओ ने चलाया वाहन चेकिंग अभियान