ट्रैकिंग पर निकला इंदौर का युवक 3 दिन से लापता, मंगेतर को ही पता था प्लान; मोबाइल भी बंद
इंदौर का 31 वर्षीय युवक अद्वैत उपाध्याय बेंगलुरु में ट्रैकिंग के लिए निकला था, लेकिन तीन दिन बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है। अद्वैत बेंगलुरु की एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है और शुक्रवार सुबह शिवगंगे पहाड़ियों की ओर गया था। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।अद्वैत ने ट्रैकिंग पर जाने की जानकारी सिर्फ अपनी मंगेतर को दी थी। मंगेतर भोपाल की रहने वाली है। पुलिस अब उससे भी पूछताछ कर सकती है। जरूरत पड़ने पर बेंगलुरु पुलिस के भोपाल आने की संभावना भी जताई जा रही है।
बाइक पहाड़ी की तलहटी में खड़ी कर ऊपर गया था
जानकारी के मुताबिक, अद्वैत ने नेलामंगला इलाके में जाने के लिए एक बाइक किराए पर ली थी। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वह शिवगंगे पहाड़ी की तलहटी तक पहुंचा और बाइक वहीं खड़ी कर ऊपर की ओर चला गया।कुछ समय बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। जब काफी देर तक युवक वापस नहीं लौटा तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
घने पहाड़ी इलाके में सर्च ऑपरेशन
अद्वैत की तलाश के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने शिवगंगे पहाड़ियों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। घना जंगल और पहाड़ी इलाका होने की वजह से तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।पुलिस की टीम के साथ डॉग स्क्वाड और अन्य तलाशी दल भी लगाए गए हैं। अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की जा रही है।
परिवार को अपहरण की आशंका
अद्वैत के परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। परिवार का कहना है कि वह सुनसान पहाड़ी इलाके में अकेला था। ऐसे में आशंका है कि उसके साथ लूटपाट हुई हो या किसी ने उसका अपहरण कर लिया हो।फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक आखिरी बार कहां और किस स्थिति में देखा गया था, इसकी जानकारी जुटाने के साथ उसके मोबाइल और यात्रा से जुड़े सुराग भी खंगाले जा रहे हैं।
मंगेतर से मिल सकती है अहम जानकारी
अद्वैत के ट्रैकिंग प्लान की जानकारी उसकी मंगेतर को थी। इसी वजह से पुलिस उससे भी जरूरी जानकारी जुटा सकती है। जांच के सिलसिले में बेंगलुरु पुलिस के भोपाल आने की संभावना है।अभी सबसे बड़ा सवाल यही है कि पहाड़ी की ओर जाने के बाद अद्वैत के साथ क्या हुआ। फिलहाल उसकी तलाश जारी है और परिवार को उसके सुरक्षित मिलने का इंतजार है।