इंदौर में हिंदू युवती के साथ मिले युवक को लेकर विवाद: बजरंग दल ने पुलिस को सौंपा, जांच जारी
इंदौर के घंटाघर क्षेत्र में शनिवार को एक युवक और युवती को साथ मिलने के बाद विवाद की स्थिति बन गई। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने युवक को मुस्लिम और युवती को हिंदू बताते हुए मामले को 'लव जिहाद' से जोड़ने का दावा किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर एमजी रोड थाना पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया
बजरंग दल के पदाधिकारियों के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद के नेता तन्नू शर्मा को युवक और युवती के साथ होने की सूचना मिली थी। इसके बाद दीपक सिद्धू पुरोहित, अर्थव तिवारी, लक्की देवड़ा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। संगठन का दावा है कि पकड़ा गया युवक देवास निवासी फरहान, पिता मुस्ताक शाह है। कार्यकर्ताओं ने मौके पर हंगामे के बीच युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कई युवतियों के साथ आपत्तिजनक वीडियो मिले
संगठन ने आरोप लगाया कि युवक के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई युवतियों के साथ आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। हालांकि, इन आरोपों की अब तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी मोबाइल में आपत्तिजनक सामग्री मिलने या किसी आपराधिक गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग
बजरंग दल ने पुलिस से युवक के मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि कहीं किसी संगठित तरीके से युवतियों को निशाना तो नहीं बनाया जा रहा था। साथ ही मोबाइल से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग भी की गई है।
किसी निष्कर्ष पर न पहुंचने की अपील की
एमजी रोड थाना पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच होगी। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में कोई आपराधिक पहलू है या नहीं। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर न पहुंचने की अपील की है।