बिहार

सुपौल में घास काटने निकली महिला की गला रेतकर हत्या, घर से 500 मीटर दूर बांसबाड़ी में मिला शव

न्यूज़11 भारत बिहार/डेस्क: सुपौल जिले के सुपौल नदी थाना क्षेत्र के ललमनिया पंचायत अंतर्गत लालपुर गांव में आज शुक्रवार सुबह एक 21 वर्षीय विवाहिता का शव बांस बाड़ी से बरामद किया गया. मृतका रंजू कुमारी के गले पर गहरे कटाव के निशान मिले है, जिससे गला रेतकर हत्या की आशंका जताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, रंजू गुरुवार शाम लगभग चार बजे मवेशियों के लिए घास काटने निकली थी. देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की खोजबीन के दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर एक बांस बाड़ी में उसका खून से लथपथ शव मिला. घटनास्थल से घास काटने में इस्तेमाल होने वाले छटा और हसुआ भी बरामद हुए है. मृतका ललमनिया पंचायत के लालपुर निवासी गुमानी मंडल की पुत्री थी. उसके भाई ने बताया कि रंजू की शादी करीब एक वर्ष पूर्व मधुबनी जिले के दैता टोल सिन्दूरपुरा गांव में हुई थी. उसके पति मजदूरी के लिए दिल्ली में रहते है, जिसके कारण वह मायके में रह रही थी.

घटना की सूचना मिलते ही सुपौल नदी थानाध्यक्ष अमित कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने इलाके को घेरकर बैरिकेडिंग की और वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़े: मुंगेर के लीफ आर्टिस्ट की अनोखी कलाकृति, पुतिन के स्वागत में 3 सेमी पत्ते पर उकेरी मोदी–पुतिन की दोस्ती