क्राइम

गया में जिंदा मां का फर्जी मृत्यु-प्रमाण-पत्र बनाकर बेटे ने हड़पी संपत्ति, पीड़िता ने प्रशासन से लगाई गुहार

अभिषेक राज/न्यूज11  भारत

गया/डेस्क: गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है, जहाँ एक बेटे पर अपनी ही जिंदा मां का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर पुश्तैनी संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगा है. गुरुद्वारा रोड, गोसाई बाग निवासी मीना देवी और उनके छोटे बेटे धर्मेंद्र कुमार ने बड़े बेटे दिलीप कुमार पर यह सनसनीखेज आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है.

पीड़िता मीना देवी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा परिवार से अलग रहता है. आरोप है कि दिलीप कुमार ने नगर निगम से उनका नकली मृत्यु प्रमाण पत्र तथा पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र तैयार करवाया और इसके आधार पर होल्डिंग नंबर नया 246, पुराना 239, वार्ड नंबर 17 के पुश्तैनी मकान का दाखिल-खारिज अपने नाम करा लिया. मीना देवी ने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ और जीवित हैं, लेकिन सरकारी अभिलेखों में उन्हें मृत दिखा दिया गया है, जिससे उन्हें भारी प्रशासनिक और कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

छोटे बेटे धर्मेंद्र ने बताया कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत अधिकारियों से की, तो उन्हें लगातार धमकियाँ दी जाने लगीं. आरोप है कि दिलीप कुमार की पत्नी ने उन पर झूठा दुष्कर्म केस तक दर्ज करा दिया, ताकि वह इसी झंझट में उलझे रहें और संपत्ति पर उनका कब्जा कायम रहे.

मीना देवी ने जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार सहित वरीय अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर फर्जी दस्तावेज़ रद्द कराने, संपत्ति वापस दिलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है, क्योंकि यह न सिर्फ पारिवारिक विवाद, बल्कि सरकारी दस्तावेज़ों में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े का गंभीर मामला है.

यह भी पढ़ें: जमुई में पति-पत्नी का हाई वोल्टेज ड्रामा, तीन घंटे तक सड़क पर चलता रहा हंगामा