झारखंड

JSSC-CGL पेपर लीक मामले की जांच पर हाईकोर्ट में सुनवाई, अगली तारीख 30 अक्टूबर तय

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (CGL) में कथित पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग को लेकर दाखिल याचिका पर बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान याचिकाकर्ता अभ्यर्थियों की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत कुमार सिन्हा ने करीब दो घंटे से अधिक समय तक बहस की. वहीं, राज्य सरकार की ओर से अधिवक्ता पीयूष चित्रेश और JSSC की ओर से अधिवक्ता संजॉय पिपरवाल ने पक्ष रखा. हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत कुमार ने भी मामले में अपनी दलीलें पेश कीं. लंबी बहस के बाद अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को निर्धारित की है. तब तक अदालत द्वारा परीक्षा परिणाम के प्रकाशन पर लगाया गया स्थगन (स्टे) आदेश यथावत रहेगा. जानकारी के अनुसार, यह मामला गुरुवार को फिर से सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है और इसे अदालत की कार्यसूची में पहले नंबर पर रखा गया है. ये भी पढ़ें- वन भूमि घोटाला मामले में पेश नहीं हुई विनय सिंह व स्निग्धा सिंह की केस डायरी, 1 नवंबर को ACB कोर्ट में होगी अगली सुनवाई