झारखंड

तेज रफ्तार का कहर! गढ़वा में खुथुआ मोड़ के पास ट्रेलर ने बाइक सवार को रौंदा

अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत  गढ़वा/डेस्क: गढ़वा झारखंड-छत्तीसगढ़ मार्ग 343 के रंका थाना क्षेत्र के खुथुआ मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर के चपेट में आने से एक बाइक सवार की घटना स्थल पर हुई दर्दनाक मौत, मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ राज्य के अंबिकापुर निवासी 28 वर्षीय बब्लु सोनी के रूप में हुई है, घटना की सूचना मिलते ही रंका थाना पुलिस पहुंची घटना स्थल! घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रिस्तेदार के घर से अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर अंबिकापुर लौट रहा था. जब वह रंका-अंबिकापुर मुख्य मार्ग के खुदवा मोड़ के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ट्रेलर  ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेलर का पिछला चक्का युवक के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने ट्रेलर और मोटरसाइकिल दोनों को जप्त कर लिया है तथा मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर थाना लाया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है. जैसे ही परिजन रंका थाना पहुंचेंगे, पुलिस पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजेगी.स्थानीय लोगों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के इस हिस्से पर अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएँ होती रहती हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और सावधानी संकेत बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों. इस हृदयविदारक घटना से रंका और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से आर्थिक सहायता देने की मांग की है. 

यह भी पढ़े: पलामू नक्सली मुठभेड़: शहीद जवानों के परिवारों को CM हेमंत सोरेन का बड़ा संबल, मिलेंगे ₹1.10 करोड़