हरियाणा सरकार ने 'नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो' अभियान के

यमुनानगर में नशे के खिलाफ दौड़ेंगे 55 हजार लोग, ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ को हरियाणा सीएम सैनी दिखायेंगे हरी झंडी

यमुनानगर में नशे के खिलाफ दौड़ेंगे 55 हजार लोग, ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ को सीएम सैनी दिखायेंगे हरी झंडी

हरियाणा में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान को गति देने के लिए यमुनानगर में रविवार को प्रदेश का सबसे बड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हरियाणा सरकार के ‘नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो’ अभियान के तहत होने वाली ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ मैराथन में हजारों लोग नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश देंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 5:15 बजे यमुनानगर के मटका चौक से इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

हरियाणा सीएम सैनी

55 हजार से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण

प्रशासन के अनुसार, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ के लिए अब तक 55 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। वहीं, 10 किलोमीटर की प्रतिस्पर्धी दौड़ में 687 धावक हिस्सा लेंगे।

इस आयोजन में हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन का कहना है कि यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं और समाज को नशे से दूर रहने का संदेश देने वाला व्यापक अभियान है।

मटका चौक से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी दौड़

यमुनानगर की उपायुक्त प्रीति ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ और समृद्ध भविष्य की नींव रख सकता है।

जानकारी देते हुए हरियाणा पुलिस

उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर दोनों श्रेणियों की दौड़ मटका चौक से शुरू होगी और शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वापस मटका चौक पर समाप्त होगी। सभी प्रतिभागियों को सुबह 5:15 बजे तक आयोजन स्थल पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।

विजेताओं को मिलेगा एक लाख रुपये तक का पुरस्कार

उपायुक्त ने बताया कि नशे के खिलाफ आयोजित इस दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महिला और पुरुष प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान हासिल करने वाले विजेता को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 75 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले धावक को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा चौथे से दसवें स्थान तक रहने वाले प्रतिभागियों को 5,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

रूट डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर दौड़ में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने को देखते हुए शनिवार रात 3 बजे से दौड़ मार्गों पर वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा।

वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ के लिए रविवार सुबह 6 बजे से संबंधित मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें।

‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ के जरिए हरियाणा सरकार का लक्ष्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाना है।