नारनौल से गूंजेगा ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश, हरियाणा CM सैनी करेंगे अभियान का आगाज
हरियाणा में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का माहौल बनाने के लिए राज्य स्तरीय ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत नारनौल से होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी 9 अगस्त को नारनौल पहुंचकर इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री राज्य स्तरीय नशा मुक्ति मैराथन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस संबंध में जानकारी महेंद्रगढ़ के विधायक ओमप्रकाश यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 अगस्त से शुरू होकर 17 अगस्त तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री करेंगे मैराथन का शुभारंभ
मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ओमप्रकाश यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 9 अगस्त को नारनौल में आयोजित राज्य स्तरीय मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान वह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर वर्ष इस अभियान का आयोजन किया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और तिरंगे के प्रति सम्मान बढ़ाना है।
नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएगी मैराथन
विधायक ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से सभी जिलों में नशा मुक्ति अभियान के तहत मैराथन आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले में भी यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। आयोजन में हाफ मैराथन और मैराथन दोनों श्रेणियों में प्रतियोगिताएं होंगी।
आगे उन्होंने बताया कि राष्ट्रमंडल खेल 2026 की स्वर्ण पदक विजेता और भारतीय पैरा खिलाड़ी शर्मिला धनखड़ इस आयोजन में ब्रांड एंबेसडर के रूप में शामिल होंगी।
ऐसा रहेगा मैराथन का रूट
विधायक ओमप्रकाश यादव ने बताया कि दौड़ की शुरुआत नूनी शेखपुरा-सेक्टर मोड़ से होगी। 5 किलोमीटर दौड़ में शामिल प्रतिभागी मिनी बाइपास से कुछ आगे जाकर सूरज स्कूल से पहले बने कट से यू-टर्न लेंगे।
वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागी टांटला चौक के नीचे से गुजरते हुए लहरोदा गांव स्थित मित्रपुरा चौक तक जाएंगे और वहां से यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे।
भाजपा नेताओं ने भी की कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पार्टी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष यतेंद्र यादव, भाजपा नेता जेपी सैनी और सोमेश यादव समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे।