हरियाणा में 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा और विभि

हरियाणा में 9-17 अगस्त तक गूंजेगा देशभक्ति का स्वर, CM सैनी बोले- 7 गोल्ड जीतना प्रदेश के लिए गौरव की बात

हरियाणा में 9-17 अगस्त तक गूंजेगा देशभक्ति का स्वर, CM सैनी बोले- 7 गोल्ड जीतना प्रदेश के लिए गौरव की बात

हरियाणा में आजादी के उत्सव को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को जानकारी दी कि प्रदेश में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभर का जन आंदोलन बन चुका है।

मुख्यमंत्री सैनी ने हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकट दिवस, हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

हरियाणा सीएम सैनी

हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धि पर CM ने जताया गर्व

मुख्यमंत्री ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि भारत ने कुल 39 पदक जीतकर प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया है। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 10 पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

उन्होंने बताया कि देश के खाते में आए 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं। इनमें पांच महिला खिलाड़ियों का योगदान शामिल है। मुख्यमंत्री ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल नीति को मजबूत किया गया है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी का परिणाम है कि भारत खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।

राष्ट्रमंडल खेल का एक दृश्य

हर घर तिरंगा अभियान को मिलेगा नया स्वरूप

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी। अब यह अभियान देशभर में एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुका है।

इस बार हर घर तिरंगा अभियान को ‘वंदे मातरम’ को समर्पित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगे और वंदे मातरम को साथ जोड़ना नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव है, जिसमें हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

शिक्षण संस्थानों में लगेंगी ऐतिहासिक प्रदर्शनियां

तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे तथा वंदे मातरम के इतिहास से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा निबंध लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।

तिरंगा यात्रा की जानकारी देते सीएम सैनी

शिक्षण संस्थानों में स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में वंदे मातरम की भावना से ओतप्रोत तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन किया जाएगा।

14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 अगस्त को पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। हरियाणा में इसका राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुग्राम में आयोजित होगा।

इससे पहले 13 अगस्त को विभाजन की त्रासदी से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं, 14 अगस्त की शाम कैंडल लाइट मौन यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभाजन के दौरान पीड़ित लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है, जो 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस अभियान का शुभारंभ वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से हुआ।

इस दौरान पवित्र मिट्टी से भरे कलशों का पूजन कर उन्हें देशभर के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। अब यह कलश यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए हरियाणा पहुंच चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुग्राम स्थित माता शीतला मंदिर परिसर में कलश यात्रा के स्वागत के लिए भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के डेरा सचखंड से वाराणसी तक भव्य श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता इन सभी आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लेगी और राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी।