हरियाणा के मुख्यमंत्री, नायब सिंह सैनी ने गुरुग्रा

“12 साल में पूरी तरह बदल गया हरियाणा”, पंजाब में भाजपा सरकार लाने का दावा: हरियाणा सीएम सैनी

“12 साल में पूरी तरह बदल गया हरियाणा”, पंजाब में भाजपा सरकार लाने का दावा: हरियाणा सीएम सैनी

गुरुग्राम के सेक्टर-26 स्थित ली मेरिडियन होटल में आयोजित एक मीडिया संसथान के ‘विमर्श’ कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के विकास मॉडल और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से बात की। इस कार्यक्रम में सरकार के मंत्रियों, विपक्षी नेताओं और एनसीआर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही।

सीएम सैनी ने कहा कि ऐसे मंच सरकार और समाज के बीच संवाद को मजबूत करते हैं और विभिन्न विचारों से नीतियों को नई दिशा मिलती है।

“हरियाणा 12 वर्षों में तेज़ी से बदला”

कार्यक्रम का एक दृश्य

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा ने विकास की रफ्तार पकड़ी है और राज्य के कई क्षेत्रों में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव तक विकास की योजनाओं को पहुंचाने के लिए काम कर रही है। सीएम सैनी ने फरीदाबाद को गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित करने की सरकार की योजना पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बेहतर कनेक्टिविटी, रैपिड मेट्रो और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर इस विकास के प्रमुख आधार होंगे।

1550 करोड़ रुपये की लागत से 17 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड निर्माणाधीन है, जो फरीदाबाद के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ेगा। इससे गुरुग्राम, मानेसर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

हिसार एयरपोर्ट और रैपिड मेट्रो पर बड़ा फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिसार एयरपोर्ट को पूरी तरह विकसित किया जा रहा है और 24x7 उड़ानों की सुविधा देने की तैयारी है। डीजीसीए की मंजूरी के बाद अब रात और खराब मौसम में भी उड़ान संचालन संभव होगा।

इसके अलावा दिल्ली एयरपोर्ट, गुरुग्राम, फरीदाबाद और जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने वाली रैपिड मेट्रो 2026 तक शुरू होने की उम्मीद है। बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार पर भी काम जारी है।

स्मार्ट सिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार की योजना

सीएम ने बताया कि KMP एक्सप्रेसवे के दोनों ओर पांच नए स्मार्ट शहर विकसित किए जाएंगे, जिनमें फरीदाबाद-पलवल क्षेत्र भी शामिल है। नहरपार ग्रेटर फरीदाबाद को नए रियल एस्टेट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

हरियाणा सीएम सैनी

उन्होंने कहा कि यमुना किनारे विकास, अमृत योजना के तहत पेयजल परियोजनाएं और 1700 करोड़ रुपये की सड़क-सीवर-पानी परियोजनाएं फरीदाबाद के भविष्य को बदल देंगी।

“पंजाब में भाजपा सरकार लाने का दावा”

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब हमारा बड़ा भाई है, लेकिन वहां की राजनीति के कारण विकास प्रभावित हुआ है। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है।

सीएम सैनी ने दावा किया कि जनता का रुझान भाजपा की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की सरकार बनने की संभावना है।