हरियाणा CM सैनी के 7 महीने में पंजाब के 70 दौरे पर हुड्डा का तंज, बोले- हरियाणा को फुलटाइम CM चाहिए
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरे को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। आम आदमी पार्टी के बाद अब हरियाणा कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री के लगातार पंजाब दौरे पर सवाल खड़े किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने नायब सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा को पार्टटाइम नहीं, बल्कि फुलटाइम मुख्यमंत्री की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुबह उठते ही पंजाब चले जाते हैं, जबकि हरियाणा की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
पंजाब में बीजेपी के लिए जनसंपर्क की कमान
पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बीजेपी की ओर से राज्य में जनसंपर्क अभियान को धार देने में जुटे हैं। हुड्डा के मुताबिक, नायब सैनी 2026 में अब तक करीब 70 बार पंजाब का दौरा कर चुके हैं। उनके लगातार दौरों को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के नेता भी उन पर निशाना साधते रहे हैं।
अब हुड्डा ने भी इस मुद्दे को लेकर हरियाणा सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के स्कूलों में शिक्षकों की कमी है और अस्पतालों में डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद मुख्यमंत्री राज्य में पर्याप्त समय नहीं दे रहे हैं। हुड्डा ने तंज कसते हुए कहा कि सचिवालय जाने पर मुख्यमंत्री नहीं मिलते, क्योंकि वह पंजाब चले जाते हैं।
‘पंजाब जाते हैं तो पगड़ी पहनते हैं, हरियाणा में क्यों नहीं?’
भूपिंदर हुड्डा ने नायब सैनी के पंजाब दौरे के दौरान उनके पगड़ी पहनने के अंदाज पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री जब पंजाब जाते हैं तो पगड़ी पहनते हैं, लेकिन हरियाणा में ऐसा क्यों नहीं करते? हुड्डा ने कहा कि वह विधानसभा में भी इस मुद्दे को उठा चुके हैं और तंज करते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री सुबह उठते ही पंजाब भाग जाते हैं।
हुड्डा ने बारिश के बाद स्कूलों की स्थिति को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। उनके मुताबिक, शिक्षा क्षेत्र की स्थिति खराब है और यूजीसी के नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा है।
शिक्षा व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि देशभर में 94 हजार स्कूल बंद हो चुके हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि राज्य में जरूरी बुनियादी सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नायब सैनी के पंजाब दौरों को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के हमले ऐसे समय में सामने आए हैं, जब बीजेपी पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूत करने में जुटी है। ऐसे में मुख्यमंत्री के लगातार पंजाब दौरों ने हरियाणा और पंजाब, दोनों राज्यों में सियासी बहस को तेज कर दिया है।