बिहार

गोपालगंज पुलिस ने बड़े साइबर क्राइम नेटवर्क का किया भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार, 1 करोड़ से अधिक नकदी और ज्वेलरी बरामद

न्यूज़11 भारत बिहार/डेस्क: गोपालगंज में पुलिस ने एक बड़े साइबर क्राइम मॉड्यूल का खुलासा किया है. थावे थाना क्षेत्र के कबिलासपुर पंचायत अंतर्गत अमेठीखुर्द गांव में छापेमारी कर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. जिनके पास से एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी और भारी मात्रा में ज्वेलरी, बैंक पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए है. यह कार्रवाई सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रांजल के नेतृत्व में की गई, जो विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा थी. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए गोपालगंज पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. इसी क्रम में गोपनीय सूचना मिली कि थावे थाना के कबिलासपुर पंचायत के अमेठीखुर्द गांव में संतोष प्रसाद के घर से उनके बेटे अभिषेक कुमार और आदित्य कुमार के जरिए साइबर अपराध का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है. सूचना की पुष्टि होते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रांजल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थावे थानाध्यक्ष और कई पुलिस अधिकारी शामिल थे. टीम ने 17 अक्टूबर को जब अमेठीखुर्द गांव स्थित संतोष प्रसाद के घर पर छापा मारा, तो वहां से पुलिस ने 1 करोड़ 5 लाख 49 हजार 850 रुपये नकद, 344 ग्राम सोने जैसा ज्वेलरी, 1.75 किलोग्राम चांदी के जेवर, 85 एटीएम कार्ड, 75 बैंक पासबुक, 28 चेकबुक, 2 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड, 1 पासपोर्ट, 2 गाड़ियों के आरसी, 1 ड्राइविंग लाइसेंस, 3 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और एक कार बरामद की। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि अभिषेक कुमार और आदित्य कुमार लंबे समय से साइबर अपराध के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े हुए हैं. 

इन दोनों ने कुछ बैंक कर्मियों के साथ मिलकर लोगों के बैंक खातों की खरीद-बिक्री का धंधा शुरू किया था. ये खाते टेलीग्राम और सोशल नेटवर्किंग साइट्स के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले अपराधियों को बेचे जाते थे. जिसके बदले मोटी रकम वसूली जाती थी. गोपालगंज पुलिस ने जब्त की गई बड़ी नकदी और दस्तावेजों को आयकर विभाग और आर्थिक अपराध शाखा, पटना को भी भेज दिया है. जो अब अपने स्तर से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के अंतर्राष्ट्रीय कनेक्शन भी हो सकते है, जिनकी जांच अब विशेष एजेंसियों द्वारा की जा रही है. दोनों आरोपियों- अभिषेक कुमार एवं आदित्य कुमार दोनों पिता संतोष प्रसाद, निवासी अमेठीखुर्द, थाना थावे, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में अग्रसारित कर दिया गया है. 

गोपालगंज पुलिस की यह कार्रवाई न केवल साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, बल्कि यह चुनाव के दौरान आचार संहिता और विधि व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम भी है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग भी गिरफ्त में आएंगे.

यह भी पढ़े: डायल 112 की पुलिस पर लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप, 60 बर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध मौत