गांजे की तलब में बिल्डिंग में ही उगा दिए पौधे, भोपाल में चौकीदार गिरफ्तार
भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र से गांजा उगाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निर्माणाधीन सोसाइटी की बिल्डिंग में चौकीदारी करने वाले शख्स ने परिसर में ही गांजे के पौधे उगा लिए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पौधे बरामद किए और उन्हें नष्ट कर दिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
चौकीदारी की आड़ में उगा रहा था गांजा
कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे के मुताबिक आरोपी की पहचान कल्लू चौरसिया के रूप में हुई है। वह निर्माणाधीन सोसाइटी की बिल्डिंग में चौकीदारी करता था। पुलिस के अनुसार, गांजा पीने की तलब के चलते आरोपी ने बिल्डिंग परिसर में ही गांजे के पौधे उगा दिए थे। उसे उम्मीद थी कि इसकी जानकारी किसी को नहीं होगी, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना मिल गई।
पुलिस ने मौके से पौधे बरामद किए
सूचना मिलने के बाद कटारा हिल्स थाना पुलिस निर्माणाधीन बिल्डिंग पहुंची और तलाशी ली। इस दौरान परिसर में गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने पौधों को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की और बाद में उन्हें नष्ट कर दिया।
एनडीपीएस के तहत की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट यानी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गांजे के पौधों को बरामद करने के बाद पुलिस ने उन्हें नष्ट कर दिया। कटारा हिल्स थाना क्षेत्र का यह मामला सामने आने के बाद पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पौधे कब और कितनी संख्या में लगाए थे। साथ ही उसके किसी अन्य व्यक्ति से जुड़े होने की भी जानकारी जुटाई जा रही है।