अब रांची से जयपुर और गोवा के लिए भी उड़ान, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 31 विमानों का होगा परिचालन
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से अब उड़ान सेवाओं में और विस्तार किया गया हैं. नई समय-सारिणी के तहत एयरपोर्ट से कुल 31 विमानों का परिचालन किया जाएगा, जिनमें 30 विमानों का आगमन और 30 का प्रस्थान शामिल हैं. नई सुविधा के तहत जयपुर से गोवा के लिए वाया रांची विमान सेवा जल्द शुरू होगी. यह विमान जयपुर से सुबह 11 बजे रांची पहुंचेगा और 11:40 बजे गोवा के लिए उड़ान भरेगा. रांची से जयपुर और गोवा के लिए यह नई फ्लाइट सेवा यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी.
नई समय-सारिणी के अनुसार अब रांची से 12 शहरों के लिए उड़ानें उपलब्ध होंगी, इनमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, अहमदाबाद, पुणे, पटना, भुवनेश्वर, जयपुर और गोवा उपलब्ध हैं. इनमें दिल्ली-रांची रूट पर सबसे अधिक नौ उड़ानें, जबकि बेंगलुरु-रांची के बीच सात उड़ानें रहेंगी. विंटर शेड्यूल के तहत उड़ानों का संचालन सुबह 7:10 बजे से रात 9:25 बजे तक किया जाएगा, और यह नई समय-सारिणी 31 दिसंबर तक लागू रहेगी.
इसी बीच बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के नए निदेशक विनोद कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया. उन्होंने बताया कि जयपुर और गोवा वाया रांची की नई सेवा जल्द ही शुरू की जाएगी. एयरपोर्ट के विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्राथमिकता पर होगा. साथ ही, सुरक्षित लैंडिंग के लिए कैट-2 लैंडिंग प्रणाली लगाने की योजना है, जिसके लिए राज्य सरकार से भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया हैं.