फिरोजपुर कोर्ट-कॉम्प्लेक्स और नगर कौंसिल को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से आया मैसेज
फिरोजपुर में जिला कचहरी और नगर कौंसिल की इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। दोनों जगह ईमेल के जरिए धमकी दी गई। एहतियात के तौर पर इमारतों को खाली कराया गया और पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जज को मिला धमकी भरा मेल
जिला कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी सेशन जज की ईमेल आईडी पर भेजे गए संदेश में मिली। सूचना मिलते ही थाना कैंट पुलिस ने पूरे कचहरी परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने लोगों की आवाजाही पर रोक लगाते हुए दोपहर 1 बजे तक कचहरी में प्रवेश बंद कर दिया। इसके चलते अदालतों का कामकाज भी प्रभावित रहेगा।
नगर कौंसिल को भी धमकी
नगर कौंसिल फिरोजपुर की इमारत को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना के बाद कर्मचारियों और अन्य लोगों को बिल्डिंग से बाहर निकाल दिया गया। बताया जा रहा है कि नगर कौंसिल को मिले ईमेल में दोपहर 3 बजे तक इमारत को उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी।
चप्पे-चप्पे की हो रही तलाशी
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां दोनों सरकारी इमारतों में गहन तलाशी अभियान चला रही हैं। परिसर के अंदर आने-जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जांच कर रही है।
सीमावर्ती जिला होने से अलर्ट
फिरोजपुर पाकिस्तान सीमा से सटा संवेदनशील जिला है। ऐसे में सरकारी इमारतों को मिली बम धमकी को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
धमकी भेजने वाले की तलाश
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी भरे ईमेल किसने भेजे हैं। पुलिस ईमेल के स्रोत, तकनीकी जानकारी और अन्य डिजिटल सुरागों की जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी की सत्यता का पता लगाने के साथ ही यह भी जांच कर रही हैं कि दोनों ईमेल के पीछे एक ही व्यक्ति या समूह का हाथ है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।