कोई औलाद नहीं थी तो दंपती ने किया सुसाइड , 10 साल पहले शादी हुई थी
पंजाब के जलालाबाद में एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह गांव भंबा वट्टू स्थित उनके घर में दोनों के शव मिले। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
मृतकों की पहचान पिप्पल सिंह और उनकी पत्नी लखविंदर कौर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी।
अकेले घर में रहते थे दंपती
मृतक के भाई राज सिंह ने बताया कि पिप्पल सिंह अपनी पत्नी के साथ गांव भंबा वट्टू में रहते थे। पिप्पल सिंह को पोलियो था और वह अधिकतर समय घर पर ही रहते थे। वह बाबा खेत्रपाल की सेवा भी करते थे।
परिजनों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग घर पहुंचे, जहां दोनों मृत मिले। इसके बाद चौकी घुबाया पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
संतान नहीं होने से तनाव की बात
मृतक के मामा जरनैल सिंह ने बताया कि शादी के करीब 10 साल बाद भी दंपती की कोई संतान नहीं हुई थी। परिजनों के मुताबिक, इसी बात को लेकर पिप्पल सिंह अक्सर मानसिक तनाव में रहते थे और भविष्य को लेकर परेशान रहते थे।
हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि दंपती की मौत के पीछे यही वजह थी। पुलिस अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
चौकी घुबाया पुलिस अधिकारी अभिषेक शर्मा के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।