दस साल के बच्चे के सामने पिता की हत्या
Madhya Pradesh : हरदा। यहां 10 वर्षीय शिवम के आंख के सामने उसके किसान पिता की हत्या कर दी गई और उसकी मां गंभीर रूप से घायल है। बेहाल मासूम ने इस घटना का जिक्र पुलिस के सामने किया। कहा, आरोपियों ने पहले बाइक से पिता को टक्कर म्रारी और फिर कुल्हाड़ी और दरांती से काट दिया। शिवम अपने पिता को छोड़ने के लिए आरोपोयों के सामने गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन आरोपियों ने हत्या करने का प्रण पहले ही कर लिया था।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। दूसरी तरफ, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। मामला रविवार शाम का है। घटना छीपाबड़ थाना के लोनी गांव का है। मासूम ने बताया कि मदद के लिए वह दौड़कर गांव भी गया और लोगों से गुहार लगाई, पर कोई भी खेत पर नहीं आया। इस बीच आरोपी हत्या कर गांव लौट गये।
मृतक के बड़े भाई श्याम सिंह चौहान ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा, घटना के बाद डायल-112 को सूचना दी गई थी। पुलिस गांव भी पहुंची थी, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया। इसके बाद पुलिस लौट गई। श्याम सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी करण सिंह वर्षों से गांजा बेचने का काम करता है।
आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे
इसकी शिकायत पहले भी की गई। पर छीपाबड़ थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजन ने आरोप लगाया कि इसी लापरवाही के चलते आज उनसे भाई की हत्या कर दी गई। इस बीच सोमवार सुबह जिला अस्पताल में मृतक शिवनारायण चौहान के परिजनों ने हंगामा किया और आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे।
मृतक का बेटा शिवम अधिकारियों से न्याय मांगता रहा। लोगों ने कहा, जब तक आरोपी के घर पर बुलडोजर नहीं चलाया जाता तब तक शव को नहीं ले जाएंगे। इसके बाद एसडीओपी शालिनी परस्ते और एसडीएम अशोक डेहरिया ने परिजनों को समझाया। इसके बाद परिजन शव को ले जाने पर राजी हुए। परिजनों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा। परिजनों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने और सभी आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की।
इधर छीपाबड़ थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों करण सिंह, राहुल और मनीषा को गिरफ्तार कर लिया है। मालूम हो कि घटना रविवार शाम 4 से 5 बजे के बीच की है। 50 वर्षीय शिवनारायण अपनी पत्नी राधा के साथ खेत से पूजा कर लौट रहे थे। रास्ते में पड़ोसी करण सिंह, उसका बेटा राहुल और बहू मनीषा पहले से घात लगाकर बैठे थे। उन्होंने दंपत्ती पर हमला कर दिया। विवाद 2020 के एक पुराने मामले में जमीन को लेकर चल रहा था।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/explosives-were-kept-in-two-underground-depots-in-balaghat/99491