क्राइम

दुर्गावती पुलिस और FST टीम ने छापेमारी कर कंटेनर से जब्त की 3 हजार लीटर अवैध शराब

अजीत कुमार/न्यूज11  भारत

कैमूर/डेस्क: बड़ी खबर कैमूर जिले से आ रही है जहां दुर्गावती थाना क्षेत्र के एसार पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर मंगलवार की दोपहर गुप्त सूचना के आधार पर दुर्गावती पुलिस व FST पटना की टीम ने कार्रवाई में एक कंटेनर से भारी मात्रा में तीन हजार एक सौ पांच लीटर अवैध शराब को बरामद किया गया है. इस दौरान कंटेनर के चालक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के अनुसार एक कंटेनर के अंदर बनाए गए दो बड़े लकड़ी के बॉक्स में भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार की कई ब्रांडेड अंग्रेजी शराब को छिपाकर चालक के द्वारा यूपी के रास्ते बिहार की सीमा में प्रवेश कर मोहनियां सासाराम के तरफ ले जाया जा रहा था. इसी क्रम में पटना FST की टीम व दुर्गावती पुलिस ने थाना क्षेत्र के एसार पेट्रोल पंप के पास एनएच 19 पर कंटेनर को जप्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल बिहार में अगले माह चुनाव होना है. ऐसे में पूरे बिहार में आदर्श आचार संहिता लागू है. आदर्श आचार संहिता लगने के बाद से ही कैमूर प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है. जगह-जगह पर एसएसटी चेक पोस्ट भी बनाए गए हैं. शराब माफियाओं और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए कैमूर पुलिस पूरी तरह से सक्रिय हो गई है. 

इस मामले पर कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने जानकारी  देते हुए बताया कि हम लोगों को गुप्त सूचना मिली कि एक कंटेनर से भारी मात्रा में शराब की खेप उत्तर प्रदेश के रास्ते बिहार में लाई जा रही है. सूचना के अवलोकन के बाद थानाध्यक्ष दुर्गावती CAPF फोर्स FST टीम के साथ एक टीम का गठन किया गया. जिनके सहयोग से दुर्गावती थाना क्षेत्र के एसार पेट्रोल पंप के सामने दुर्गावती से मोहनिया जाने वाली NH 19 के उत्तरी लेन पर वाहन चेकिंग लगाया गया. वाहन चेकिंग के क्रम में एक कंटेनर जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR 33 GB 7817 के चालक के साथ विधिवत जांच कर कंटेनर से कुल 349 कार्टून एवं कुल शराब की मात्रा तीन हजार एक सौ पांच लीटर बरामद की गई है. बरामद की गई शराब का बाजार मूल्य तकरीबन 25 लख रुपए है.  वही कंटेनर चालक का नाम गुप्त रखा गया है. फिलहाल हर पहलू पर जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: सुपौल में 7560 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरफ बरामद, एक तस्कर भी गिरफ्तार