पटाखों की चमक में न खोएं अपनी नजर! दिवाली पर आंखों को बचाएं धुएं से.. यूं रखें ध्यान
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: रोशनी के त्योहार दिवाली पर हर तरफ दीयों की जगमगाहट और खुशियों का माहौल है लेकिन इस रौनक के बीच एक समस्या जो हर साल लोगों को परेशान करती है, वह है- पटाखों से निकलने वाला धुआं. यह न सिर्फ सांस और त्वचा के लिए बल्कि आंखों के लिए भी बेहद हानिकारक साबित हो सकता हैं.
आंखों पर कैसे असर डालता है पटाखों का धुआं आई स्पेशलिस्ट डॉ. दिग्विजय सिंह के अनुसार, पटाखों से निकलने वाले धुएं में नाइट्रेट्स और सल्फर जैसे रसायन मौजूद होते है, जो आंखों में जलन, लालपन, सूजन और खुजली का कारण बनते हैं. कुछ मामलों में लोगों को धुंधला दिखाई देना या कंजक्टिवाइटिस (आंख आना) जैसी परेशानी भी हो सकती हैं.
इन आसान उपायों से करें आंखों की सुरक्षा
धुएं से बचें: पटाखे जलाते समय जितना हो सके दूरी बनाए रखें और बच्चों को पास न जाने दें. सनग्लास पहनें: बाहर निकलते समय सनग्लास या प्रोटेक्टिव गॉगल्स लगाएं ताकि धुआं और धूल आंखों तक न पहुंचे. ठंडे पानी से धोएं: अगर आंखों में जलन महसूस हो, तो तुरंत ठंडे पानी से आंखें धो लें और आंखों को रगड़ें नहीं. मेकअप से बचें: आंखों के आसपास मेकअप या क्रीम का इस्तेमाल न करें, क्योंकि धुएं के संपर्क में आने से यह रासायनिक प्रतिक्रिया कर सकता हैं. घर के अंदर रखें स्वच्छ हवा: जब बाहर बहुत धुआं हो, तो खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें और एयर प्यूरिफायर या पंखा चलाएं. इको-फ्रेंडली पटाखे चुनें: कोशिश करें कि सामान्य पटाखों की जगह कम धुआं और आवाज वाले इको-फ्रेंडली पटाखे जलाएं. मास्क का करें इस्तेमाल: बाहर निकलते समय मास्क और चश्मा जरूर पहनें.
कब लें डॉक्टर की सलाह? अगर आंखों में जलन, सूजन या धुंधलापन दो दिन से ज्यादा बना रहे, तो तुरंत किसी आई स्पेशलिस्ट से संपर्क करें. खासकर अस्थमा या एलर्जी से पीड़ित लोगों को इस दौरान अधिक सावधानी बरतनी चाहिए. डॉक्टरों की सलाह है कि त्योहार का मज़ा मनाएं लेकिन सेहत के साथ कोई समझौता न करें. थोड़ी सी सावधानी से आप अपनी आंखों की सुरक्षा करते हुए दिवाली की खुशियों को और भी रोशन बना सकते हैं.
यह भी पढ़े: मशहूर अभिनेता असरानी ने 84 साल के उम्र में ली अंतिम सांस..