खुरा पंचायत में पशुपालकों को सूअर का वितरण, सांसद प्रतिनिधि ने पारदर्शिता पर दिए कड़े निर्देश
प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत बरवाडीह/डेस्कः- बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत खुरा पंचायत सचिवालय में बुधवार को सूअर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें कुल छह पशुपालकों के बीच चार मादा और एक नर सूअर तथा फीड का वितरण किया गया. कार्यक्रम में पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, सांसद प्रतिनिधि दीपक राज तथा दीपक तिवारी, मुखिया जितेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. लाभुक जुली खलको, ओमप्रकाश, सरस्वती देवी और सुमन कुमारी को 75 प्रतिशत अनुदान पर तथा अर्जुन राम और चिंता देवी को 50 प्रतिशत अनुदान पर सूअर प्रदान किए गए. वितरण के दौरान सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सही तरीके से पशुपालकों तक पहुँचे, यह हमारी प्राथमिकता है. पशुपालन जैसे आजीविका आधारित क्षेत्र में पारदर्शिता बेहद जरूरी है. इसलिए आगे से हर वितरण कार्यक्रम स्थल पर तराजू उपलब्ध रखना अनिवार्य होना चाहिए, ताकि पशु के वजन को लेकर कोई गलतफहमी या विवाद न हो. लाभुकों को वही लाभ मिले जो सरकारी निर्देशों के अनुरूप तय है. हम चाहते हैं कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो और पशुपालक आत्मनिर्भर बनें. वहीं पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि अनुदान आधारित इस योजना का उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है. विभाग की ओर से समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन, टीकाकरण और देखभाल संबंधी सहायता भी दी जाती है, ताकि पशुपालक बिना किसी परेशानी के अपने कार्य को आगे बढ़ा सकें. कार्यक्रम में भाजपा नेता विनोद प्रसाद, स्वयंसेवक आनंद कुमार, वेंडर दीनानाथ प्रसाद समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे.
ये भी पढ़ेंः- बिहार में NDA सरकार के गठन को लेकर इस जातीय समीकरण की अहम भुमिका