दतिया विधानसभा उपचुनाव का ऐलान, 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई, नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई तय की गई है। मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त तक संपन्न कर ली जाएगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही दतिया विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। मतदान सभी केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से कराया जाएगा।
सदस्यता खत्म कर सीट रिक्त घोषित कर दी
दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई थी। वर्ष 1998 के सहकारी ग्रामीण विकास बैंक से जुड़े कथित एफडी फर्जीवाड़े के मामले में 1 अप्रैल 2026 को विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया था। अगले दिन अदालत ने तीन वर्ष के कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 8(3) और सुप्रीम कोर्ट के लिली थॉमस फैसले के अनुसार दो वर्ष या उससे अधिक की सजा मिलने पर विधायक की सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाती है। इसी आधार पर विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता खत्म कर सीट रिक्त घोषित कर दी।
दामोदर यादव को उम्मीदवार बनाने के संकेत दिए
उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के चुनाव मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है। वहीं कांग्रेस में टिकट को लेकर कई दावेदार सक्रिय हैं। राजेंद्र भारती अपने बेटे के लिए टिकट की कोशिश कर रहे हैं, जबकि अवधेश नायक सहित अन्य नेता भी दावेदारी पेश कर रहे हैं। आजाद समाज पार्टी ने दामोदर यादव को उम्मीदवार बनाने के संकेत दिए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस उपचुनाव में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ जातीय समीकरण भी अहम भूमिका निभाएंगे। यादव, कुशवाहा और ब्राह्मण मतदाताओं का रुझान चुनाव परिणाम पर निर्णायक असर डाल सकता है, जिससे दतिया का मुकाबला इस बार बेहद दिलचस्प होने की संभावना है।