झारखंड

धनतेरस पर चंदवा बाजार में उमड़ी खरीददारों की भीड़, पांच करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान

राहुल कुमार/न्यूज11भारत चंदवा/डेस्क: धनतेरस के शुभ अवसर पर शनिवार को चंदवा बाजार पूरी तरह रोशन और गुलजार नजर आया. सुबह 10 बजे से ही ग्राहकों की भीड़ बाजारों में उमड़ने लगी, जो देर रात तक लगातार बनी रही. लोगों में खरीदारी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया. सर्राफा बाजार, इलेक्ट्रॉनिक शोरूम, वाहन एजेंसियां और स्थानीय दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें लगी रही. हर वर्ग के लोग छोटे-बड़े सामानों की खरीदारी में व्यस्त नजर आए.

दुपहिया वाहनों की सबसे ज्यादा बिक्री इस बार धनतेरस पर सबसे अधिक बिक्री दुपहिया वाहनों की रही. जीएसटी छूट का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों ने हीरो, होंडा, बजाज और टीवीएस के शोरूमों में उमड़ कर खरीदारी की. वाहन विक्रेताओं ने बताया कि एक ही दिन में दर्जनों नए वाहनों की डिलीवरी दी गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक रही. इसके साथ ही पियाजियो ऑटो और मारुति शोरूम में भी कार और ऑटो की बिक्री दर्ज की गई.

सोना-चांदी के आभूषणों की बढ़ी मांग सर्राफा बाजार में दिनभर रौनक बनी रही. पारंपरिक रूप से धनतेरस पर धातु खरीदना शुभ माना जाता है, जिसके चलते सोने-चांदी के सिक्के, अंगूठियां, चेन और आभूषणों की खूब बिक्री हुई. ज्वेलर्स की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिनभर बनी रही और शाम तक सभी दुकानों में बिक्री का रिकॉर्ड स्तर दर्ज किया गया.

इलेक्ट्रॉनिक व अन्य दुकानों पर भी रही भीड़ धनतेरस पर लोगों ने टीवी, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, किचन अप्लायंसेज समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की भी बड़ी संख्या में खरीदारी की. इलेक्ट्रॉनिक शोरूमों के साथ-साथ फर्नीचर, होम डेकोर और जनरल स्टोरों पर भी बिक्री बढ़ी. छोटे व्यापारियों ने बताया कि धनतेरस जैसे त्यौहार उनके वार्षिक कारोबार को गति देते है. व्यापारी संघ के अनुमान के अनुसार, चंदवा बाजार में लगभग पांच करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ. बाजार की रौनक और खरीदारी की रफ्तार देखकर व्यापारी काफी संतुष्ट और उत्साहित नजर आए. त्योहारी माहौल में खरीदारों के चेहरे पर खुशी और उमंग झलक रही थी.

यह भी पढ़े: उत्तर कोयल परियोजना के अवशेष कार्यों का निरीक्षण करने बरवाडीह पहुंची भारत सरकार की उच्च स्तरीय टीम