हरदा में कांग्रेस ने बढ़े हुए टैक्स, पेयजल संकट और

हरदा में कांग्रेस का हल्लाबोल, बढ़े टैक्स और बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ नगर पालिका का घेराव

हरदा। शहर की विभिन्न समस्याओं और नगर पालिका की कार्यप्रणाली के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘जनआक्रोश रैली’ निकालकर नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया और बढ़े हुए टैक्स, पेयजल संकट तथा सफाई व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। रैली नारायण टॉकीज चौराहे से शुरू होकर नगर पालिका कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई, हालांकि स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

प्रबंधन जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही

प्रदर्शन की खास बात यह रही कि कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में आटे की थाली और सीटी लेकर पहुंचे। उन्होंने थाली और सीटी बजाकर नगर प्रशासन को जगाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नगर पालिका की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण शहर में पेयजल संकट, गंदे पानी की आपूर्ति, सफाई व्यवस्था की बदहाली और कचरा प्रबंधन जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।

जरूरतमंद परिवार प्रभावित हो रहे

कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका द्वारा नल टैक्स को 75 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये किए जाने और संपत्ति कर में बढ़ोतरी का भी विरोध किया। नेता प्रतिपक्ष ने इसे जनविरोधी निर्णय बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की। वहीं क्षेत्रीय विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने बारिश के मौसम में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवार प्रभावित हो रहे हैं।

पट्टा वितरण की प्रक्रिया में सुधार जैसी मांगें शामिल

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नवागत मुख्य नगर पालिका अधिकारी रोशन सिंह गौतम को 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बढ़े हुए कर वापस लेने, अवैध कॉलोनियों को वैध करने, पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और पट्टा वितरण की प्रक्रिया में सुधार जैसी मांगें शामिल हैं।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।