कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों

पंजाब चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, वड़िंग बने रहेंगे अध्यक्ष; चन्नी समेत कई नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में कांग्रेस ने अभी से संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। चुनाव से पहले पार्टी हाईकमान ने प्रदेश के लिए विभिन्न चुनावी समितियों का गठन करते हुए कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कांग्रेस का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनाव के लिए रणनीति को समय रहते अंतिम रूप देना है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता बने रहेंगे

कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति (कैंपेन कमेटी) का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। वहीं, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है। इसके अलावा प्रताप सिंह बाजवा भी पंजाब विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता बने रहेंगे।

पार्टी ने चुनाव प्रबंधन और समन्वय समिति की कमान विजय इंदर सिंगला को सौंपी है। वहीं, वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा को चुनाव की कोर कमेटी का चेयरपर्सन बनाया गया है। घोषणापत्र तैयार करने की जिम्मेदारी अमर सिंह को दी गई है, जिन्हें घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि समय रहते चुनावी समितियों का गठन करने से संगठनात्मक समन्वय बेहतर होगा और कार्यकर्ताओं के बीच स्पष्ट जिम्मेदारियां तय की जा सकेंगी। पार्टी अब बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक चुनावी तैयारियों को गति देने की रणनीति पर काम करेगी।

कांग्रेस की प्रमुख नियुक्तियां

कैंपेन कमेटी:चरणजीत सिंह चन्नी (चेयरपर्सन) चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति:विजय इंदर सिंगला (चेयरपर्सन) कोर कमेटी:सुखजिंदर सिंह रंधावा (चेयरपर्सन) घोषणापत्र समिति:अमर सिंह (चेयरपर्सन) पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष:अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग कांग्रेस विधायक दल के नेता:प्रताप सिंह बाजवा

गौरतलब है कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इसके बाद भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार बनी। ऐसे में कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत वापसी की तैयारी के साथ संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने में जुट गई है।