बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की बड़ी रणनीतिक बैठक, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आज एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की. यह बैठक पार्टी के संगठन प्रभारी के. वेणुगोपाल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सभी पर्यवेक्षक और जिला प्रभारी मौजूद रहे.
करीब चार घंटे तक चली इस बैठक में आगामी चुनाव को लेकर गहन समीक्षा की गई. बैठक में यह तय किया गया कि किन नेताओं को स्टार प्रचारक के रूप में किन क्षेत्रों में भेजा जाएगा, कौन से नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे, और भाजपा-जदयू गठबंधन को टक्कर देने के लिए संगठनात्मक स्तर पर क्या ठोस रणनीति अपनाई जाए.
बैठक में बूथ स्तर से लेकर जिला संगठन तक की स्थिति की रिपोर्ट मांगी गई और हर जिले की राजनीतिक परिस्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. पार्टी ने यह स्पष्ट किया कि वह बिहार में मजबूती से मैदान में उतरने जा रही है और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और संकल्प भरा गया हैं. इस दौरान झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा “जिन क्षेत्रों की जिम्मेदारी मुझे दी गई है, वे आदिवासी बहुल क्षेत्र हैं. वहां के मतदाताओं में हेमंत सोरेन की लोकप्रियता अत्यधिक हैं. इसलिए बिहार चुनाव में उन्हें स्टार प्रचारक के रूप में लाना बेहद आवश्यक है, नहीं तो मुझे दिक्कत होगी. पार्टी हर हाल में हेमंत सोरेन से बात करे और उन्हें प्रचार में लगाए.”
डॉ. अंसारी के इस सुझाव पर सभी वरिष्ठ नेताओं ने एकमत से सहमति जताई और निर्णय लिया कि जल्द ही हेमंत सोरेन से बात कर उन्हें बिहार चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका सौंपी जाएगी.