मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर में 706.8

CM योगी ने अंबेडकरनगर में 194 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी का अंबेडकरनगर दौरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंबेडकरनगर के दौरे पर पहुंचे। जिले के गोविंद साहब में आयोजित कार्यक्रम में CM योगी ने 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। इस दौरान CM योगी ने ऐतिहासिक गोविंद साहब मेले को राजकीय मेले की मान्यता की घोषणा की।

सपा पर हमला

CM ने कहा कि महात्मा गोविंद साहब की इस पवित्र तपोस्थली पर लगने वाला मेला पूर्वांचल में लाखों लोगों की श्रद्धा का केंद्र है। अब इस मेले को राजकीय मेला की मान्यता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने मंच से आरोप लगाया कि सपा के लोगों ने विधानसभा नहीं चलने दी। सपा के लोग विकास विरोधी हैं। सपा पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने हर जिले में एक माफिया पाल रखा था। कहीं बालू माफिया, कहीं भू-माफिया तो कहीं वन माफिया थे। इनके इतिहास को देखकर नौजवान पीढ़ी को बताना चाहिए कि कैसे इन लोगों ने अराजकता फैला रखी थी।

यहां नहीं आया कोई CM

मुख्यमंत्री योगी ने आलापुर के विकासखंड रामनगर स्थित गोविंद साहब में 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण-पत्र दिए. स्वास्थ्य योजना का लाभ ले चुके 2 बच्चों को आर्थिक सहायता के प्रतीकात्म चेक और चॉकलेट दी। CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज जिस धाम में मैं आया हूं, इस गोविंद धाम में पहले कोई मुख्यमंत्री नहीं आया। 2017 से पहले जो CM थे, वे यहां कभी नहीं आए. वे डरते थे कि नोएडा चले गए तो कुर्सी चली जाएगी। मैंने कहा कि कुर्सी कल जानी है तो आज चली जाए, मैं जनता के लिए नोएडा जरूर जाऊंगा।