झारखंड

गांडेय के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में चिकनपॉक्स का प्रकोप, डेढ़ दर्जन से अधिक छात्राएं घर भेजी गईं

भरत मंडल/न्यूज 11 भारत 

गांडेय/डेस्क: गांडेय के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पिछले कुछ दिनों से चिकनपॉक्स (चेचक) के मामलों का प्रकोप दर्ज किया गया है, जिसके बाद विद्यालय प्रबंधन अलर्ट मोड पर आ गया है और एहतियात के तौर पर प्रतिदिन कुछ छात्राओं को घर भेजा जा रहा है . विद्यालय परिसर में ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव और सेनेटाइजर से साफ-सफाई की जा रही है ताकि संक्रमण का फैलाव रोका जा सके .

विद्यालय में अध्ययनरत लगभग डेढ़ दर्जन छात्राओं में चिकनपॉक्स जैसे लक्षण पाए जाने पर उन्हें घर भेज दिया गया है जबकि शनिवार को भी तीन बच्चियों को एहतियातन वापस भेजा गया . प्रभारी वार्डन परिणीता बारला के अनुसार प्रबंधन समिति पूरी तरह सतर्क है और लक्षण दिखने पर तुरंत पृथक्करण की कार्रवाई की जा रही है .

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व छुट्टी से लौटी एक छात्रा में चिकनपॉक्स के लक्षण दिखे और पूछताछ में उसने बताया कि उसके गांव में एक व्यक्ति को चेचक था जिसके बाद विद्यालय प्रबंधन समिति ने छात्रा को घर भेज दिया और स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया .

20 नवंबर को जिला स्वास्थ्य विभाग और गांडेय सीएचसी की टीम विद्यालय पहुंची और करीब 35 छात्राओं का सैंपल लिया है जिसकी रिपोर्ट फिलहाल लंबित है . सीएचसी के BPM मोहन प्रसाद ने बताया कि विद्यालय को अतिरिक्त सावधानी बरतने और लक्षणयुक्त छात्राओं को क्वारंटाइन में रखने के निर्देश दिए गए हैं .

प्रबंधन द्वारा परिसर में नियमित सेनेटाइजेशन, ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव और छात्राओं की स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है साथ ही अभिभावकों को भी सतर्क रहने की अपील की गई है . लक्षण दिखने पर तुरंत सूचना देने और भीड़भाड़ से बचने की सलाह दी गई है ताकि संभावित संक्रमण चेन को तोड़ा जा सके .

यह भी पढ़ें: उपायुक्त ने शिक्षण संस्थानों का किया औचक निरीक्षण, शिक्षा की गुणवत्ता, मध्याह्न भोजन, साफ–सफाई को लेकर दिए निर्देश