छत्तीसगढ़ में 30 जुलाई को ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण

महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान: 2.45 लाख महिलाएं लगाएंगी पौधे, सेल्फी अपलोड पर मिलेगा डिजिटल सर्टिफिकेट

छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार 30 जुलाई को ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ आयोजित किया जाएगा। बालोद जिले में इस अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि इसे केवल पौधारोपण कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा बड़ा अभियान बनाया जाए।

2.45 लाख महिलाएं बनेंगी अभियान का हिस्सा

बालोद जिले में महतारी वंदन योजना से जुड़ी 2 लाख 45 हजार से अधिक महिलाएं इस अभियान में भाग लेंगी। प्रशासन की योजना है कि प्रत्येक महिला अपने घर, आंगन या किसी उपयुक्त सार्वजनिक स्थान पर पौधा लगाए। इसके लिए महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

सवा दो लाख से ज्यादा पौधों की व्यवस्था

अभियान के लिए वन विभाग की नर्सरियों से करीब सवा दो लाख पौधों की व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। अब तक जिले में 2 लाख से अधिक गड्ढे खोदे जा चुके हैं और कई स्थानों तक पौधों की आपूर्ति भी पहुंचाई जा चुकी है।

सेल्फी अपलोड करने पर मिलेगा प्रमाणपत्र

इस अभियान को डिजिटल रूप से भी जोड़ा गया है। पौधारोपण करने वाले नागरिक अपनी पौधे के साथ ली गई फोटो या सेल्फी आधिकारिक वेबसाइट mybalod.com पर अपलोड कर सकेंगे। फोटो अपलोड करने के बाद उन्हें ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी डाउनलोड करने की सुविधा मिलेगी। इससे लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

440 पंचायतों में पहुंचाए गए पौधे

बालोद जिले की 440 से अधिक ग्राम पंचायतों में पौधों का वितरण किया जा चुका है। पर्यावरण पार्क सहित कई स्थानों को पौधारोपण के लिए चिन्हित किया गया है। प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

जनप्रतिनिधियों ने की भागीदारी की अपील

भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया समेत कई जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों से अभियान में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया। विधायक संगीता सिन्हा, विधायक कुंवर सिंह निषाद और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों से इस मुहिम को सफल बनाने की अपील की है।