मायावती की बड़ी कार्रवाई, पूर्व मंत्री अनंत कुमार मिश्रा को बसपा से निकाला
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अंटू मिश्रा, बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के सगे भांजे हैं। मायावती ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अपने X हैंडल पर अंटू मिश्रा के निष्कासन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनंत कुमार को “पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि” के चलते तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया गया है।
बसपा की बड़ी कार्रवाई
निष्कासन के बाद अंटू मिश्रा ने कहा- अभी कुछ नहीं कहना चाहता हूं। एक-दो दिन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात सबके सामने रखूंगा। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अंटू मिश्रा का निष्कासन बसपा की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। कुछ दिन पहले ही मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी पार्टी से बाहर निकाल दिया था।
मायावती की अपील
बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान विरोधी दलों के कथित साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अंबेडकरवादी मिशन को आगे बढ़ाने और आगामी चुनाव में BSP को सफल बनाने में जुटें। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अनंत मिश्रा पिछले कुछ वक्त से BSP की सक्रिय गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे। उनके दूसरे दलों के नेताओं के संपर्क में होने और BJP में जाने की अटकलें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। हालांकि, मायावती ने निष्कासन की आधिकारिक वजह पार्टी विरोधी गतिविधियां बताई है।