झारखंड

सेमरटांड़ में ब्राउन शुगर की तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क: पलामू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सेमरटांड़ उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर की अवैध खरीद–बिक्री में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कुछ लोग इलाके में मादक पदार्थ का सौदा कर रहे हैं. आदेशानुसार परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन और पुलिस निरीक्षक सदर अंचल देवव्रत पोद्दार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल मौके पर पहुँचा तो तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे. बलों के सहयोग से उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया. गिरफ्तार युवकों की पहचान बादल कुमार (20), हर्षित राज (20) और मनीष कुमार (20), सभी निवासी सेमरटांड़, थाना चैनपुर, के रूप में हुई. तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से 29.24 ग्राम ब्राउन शुगर (अनुमानित कीमत ₹35,000) तथा ₹4,400 नकद बरामद किया. पुलिस ने बताया कि तीनों युवक मादक पदार्थ की खरीद–बिक्री में शामिल थे. मामले में चैनपुर थाना कांड संख्या 234/2025 प्राथमिकी दर्ज की गई है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार मनीष कुमार का एक पूर्व आपराधिक मामला शहर थाना कांड संख्या 57/2025 में दर्ज है. छापामारी दल में थाना प्रभारी पु.अ.नि. श्रीराम शर्मा, पु.अ.नि. अनिल विद्यार्थी, पु.अ.नि. छत्रधारी कुमार, पु.अ.नि. बाबूलाल दुबे, स.अ.नि. बिनोद कुजूर तथा चैनपुर थाना रिज़र्व गार्ड शामिल थे.

यह भी पढ़ें: देलबेरा स्वर्णरेखा नदी पर पुल निर्माण का शिलान्यास, आवागमन और धार्मिक यात्राओं को मिलेगा बड़ा लाभ