रायपुर में भाजपा की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई,

बीजेपी संयुक्त प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति बैठक, चुनाव की रणनीति पर मंथन,CM विष्णुदेव साय ने दिए 4 मंत्र

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी के सभी 17 प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जुड़ी अहम जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं

बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने की। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संगठन महामंत्री पवन साय, सभी 17 प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान विभिन्न प्रकोष्ठों को संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

जनता के बीच लगातार सक्रिय बने रहें

बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सफलता के चार मंत्र दिए। उन्होंने कहा, “सिर पर बर्फ रखो”, यानी हर परिस्थिति में शांत और संयमित रहें। “मुंह में मिश्री रखो”, यानी हमेशा मधुर भाषा का प्रयोग करें। “पैर में चक्र रखो”, यानी संगठन और जनता के बीच लगातार सक्रिय बने रहें। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के प्रति अगाध श्रद्धा और समर्पण की भावना बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि संगठन में एकता और भाईचारा मजबूत रहे।

प्रभावी ढंग से प्रचारित करने का आह्वान किया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रचारित करने का आह्वान किया।

बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा 2028 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए व्यापक रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन और निरंतर जनसंपर्क के जरिए पार्टी आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।