बिहार सरकार ने सड़क और पुल परियोजनाओं को गति देने

बिहार में नए ROB और पुलों का खाका तैयार, CM सम्राट चौधरी आज नितिन गडकरी से करेंगे मुलाकात

पटना। बिहार में सड़क और पुल परियोजनाओं को नई रफ्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क और पुल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। राज्य सरकार का उद्देश्य लंबित परियोजनाओं को मंजूरी दिलाकर प्रदेश में बेहतर सड़क संपर्क और यातायात सुविधाएं विकसित करना है।

अधिक सुगम हो सकेगी

जानकारी के अनुसार परिवहन भवन स्थित मंत्रालय में होने वाली इस बैठक में डुमराव, विक्रमगंज, सफिया सराय और जहानाबाद में नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण पर विशेष चर्चा होगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और लोगों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।

परिवहन और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी

इसके अलावा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अरवल-बिहारशरीफ सड़क परियोजना, बेतिया, समस्तीपुर और औरंगाबाद बाइपास के निर्माण के लिए केंद्र से सहयोग मांगेंगे। साथ ही जयनगर में कमला नदी पर दो नए पुलों के निर्माण के लिए भी आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध करेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क मजबूत होगा तथा व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

सेवा कार्य में भी भाग लिया

वहीं दूसरी ओर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचे। उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद लिया, लंगर का महाप्रसाद ग्रहण किया और सेवा कार्य में भी भाग लिया।

चिराग पासवान ने कहा कि दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी की पावन कर्मस्थली पर आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और नई ऊर्जा की अनुभूति हुई। उन्होंने देश की सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण के लिए अरदास की तथा कहा कि तख्त श्री हजूर साहिब सेवा, समर्पण और मानवता का प्रेरणास्रोत है।