अब पहले वाला बिहार नहीं है! छपरा में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार का बड़ा बयान
पवन कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
छपरा/डेस्क: सारण जिले के मांझी प्रखंड के नरपलिया खेल मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू प्रत्याशी रणधीर सिंह के पक्ष मे एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस मौके पर उन्होंने महागठबंधन पर जमकर प्रहार भी किया और अपनी सरकार के विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख भी किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिहार विकास की राह पर अग्रसर है और यह सब जनता के सहयोग से संभव हुआ है. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी की सुविधाओं में हुए व्यापक सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब बिहार पहले जैसा नहीं रहा. नीतीश कुमार ने जनता को 1990 के दशक की स्थिति याद दिलाई जब शाम होते ही लोग घरों में बंद हो जाते थे और भय का माहौल था. उन्होंने कहा कि उस दौर में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन उनकी सरकार ने राज्य में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गांव-गांव में सड़कें बनी हैं, हर घर तक बिजली और नल का जल पहुंच चुका है. शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुए हैं और लड़कियों की पढ़ाई पर विशेष जोर दिया गया है. उन्होंने जनता से अपील की कि वे राज्य के निरंतर विकास के लिए एनडीए सरकार को फिर से मजबूत करें. नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता बिहार को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाना है ताकि युवाओं को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े.
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल आ रहे समस्तीपुर, कार्यक्रम का जायजा लेने पहुंचे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान