बिहार सरकार ने खिलाड़ियों को बिना परीक्षा के DSP क

'मेडल लाओ, नौकरी पाओ...' CM सम्राट ने तेज गेंदबाज आकाशदीप और मुकेश कुमार को DSP नियुक्त किया

‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना

बिहार सरकार ने खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अप्वाइंटमेंट लेटर और सम्मान राशि दी। इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार पुलिस में DSP के पद पर नियुक्त किया गया। दोनों खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री चौधरी ने मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपा। अप्वाइंटमेंट लेटर लेने के बाद आकाश दीप और मुकेश कुमार ने CM के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया। 

19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी

पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिली। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को 1-1 कार भी दी गई। इसके अलावा 637 खिलाड़ियों को विभिन्न खेल छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत चयन पत्र सौंपे गए। मुख्यमंत्री सम्राट ने कहा कि बिहार में पहली बार खिलाड़ियों को बिना किसी प्रतियोगी परीक्षा के DSP का पद दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो भी खिलाड़ी बिहार और देश का नाम रोशन करेगा, सरकार उसके साथ खड़ी होगी। 

क्रिकेटर आकाशदीप और मुकेश कुमार

खेल प्रतिभाओं की खोज शुरू

CM ने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हर संभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री चौधरी ने घोषणा की कि 15 सितंबर के बाद पूरे बिहार में पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभाओं की खोज शुरू की जाएगी। गांव-गांव से खिलाड़ियों को चुना जाएगा। प्रदेश सरकार उन्हें प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करेगी। 

बिहार में होंगे IPL मैच

CM सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार अब हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में 3 विश्व कप प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ और तीनों बार भारत ने खिताब जीता। उन्होंने कहा कि एक वक्त पर लोग बिहार में क्रिकेट मैच कराने को लेकर चिंता जताते थे, क्योंकि पटना का मोइनुल हक स्टेडियम जर्जर हो चुका था। अब राज्य सरकार इस स्टेडियम का पुनर्निर्माण करा रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बिहार में IPL के मुकाबले भी आयोजित होंगे।